Welcome to News 24 Marwar   Click to listen highlighted text! Welcome to News 24 Marwar
Uncategorized

केंद्र सरकार अब गरीबी हटाने के बजाय गरीबों को हटाने पर काम कर रही- हरिशंकर मेवाडा

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस की सभाएं, केंद्र सरकार पर योजना कमजोर करने का आरोप

सुमेरपुर। कांग्रेस का मनरेगा बचाओ अभियान शुक्रवार को सुमेरपुर उपखंड के विभिन्न कांग्रेस मंडलों में पहुंचा। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा को खत्म करने की कथित साजिश के खिलाफ जागरूक किया गया तथा इसके विरोध में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का आह्वान किया गया। अभियान के तहत कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा, पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद, पाली प्रभारी दलवीर सिंह, इलियास अहमद एवं ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा के नेतृत्व में कांग्रेस मंडल के गोगरा, बलाना व भाचुंदा गांवों में सभाएं आयोजित की गईं। सभाओं में आमजन को मनरेगा योजना के महत्व और ग्रामीण रोजगार में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई।

 

सभा को संबोधित करते हुए हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार अब गरीबी हटाने के बजाय गरीबों को हटाने पर काम कर रही है। गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम और नियमों में बदलाव कर इसे कमजोर किया जा रहा है। बढ़ती महंगाई के बावजूद मनरेगा की मजदूरी दर में पर्याप्त बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मनरेगा रोजगार गारंटी कानून के तहत काम मांगने के 15 दिन के भीतर रोजगार देने का प्रावधान है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा। इससे ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल पा रहा और उन्हें मजबूरी में गांव छोड़कर पलायन करना पड़ रहा है। मेवाड़ा ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए जीवनरेखा है और इसे कमजोर करने के किसी भी प्रयास का सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर मनरेगा बचाने के आंदोलन में भाग लेने की अपील की। प्रभारी अहमद ने भी मनरेगा के महत्व की जानकारी देकर ग्रामीणाें काे जागरूक किया। इस मौके पर आनंद सिंह देवड़ा, अर्जुन देवासी, बलाना ग्राम प्रशासक शंभूराम मीणा, भगवत सिंह, मुकेश बारोलिया, हरीश मीणा, राकेश कुमार सहित कांग्रेसजन, युवा कार्यकर्ता एवं महिला शक्ति बड़ी संख्या में मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!