ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत आज विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
प्रधान संपादक रूपचंद मेवाड़ा सुमेरपुर

माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाये जा रहे ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत आज सुश्री ममता मेनारिया (अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) के निर्देशन में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पेशुआ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोजरा में आयोजित शिविरों में तालुका विधिक सेवा समिति पिंडवाड़ा के सचिव लक्ष्मण मालवीया द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराध, साइबर बुलिंग, ओटीपी फ्रॉड और सोशल इंजीनियरिंग जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही, उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में भी बताया। इस अवसर पर स्कूल को विधिक साक्षरता से संबंधित एक पुस्तक भेंट की गई तथा विद्यार्थियों को बाल विवाह व अन्य कानूनी अधिकारों के पंपलेट वितरित किए गए। विशेष रूप से, कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में “कोर्ट वाली दीदी” के नाम से एक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, जिसमें विद्यार्थी अपनी समस्याओं को गोपनीय रूप से दर्ज कर सकेंगे। इस दौरान जगदेव कुमार, भीमाराम पटेल, शंकरलाल, हिमांशु पुरोहित, पीरसिंह राणावत, दिनेश कुमार मेघवाल, नीता चौहान, नटवरलाल रावल, प्रकाशचंद सहित अध्यापक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




