पिता की बीमारी और परिवार की तंगी के बीच पांच बेटियों की शिक्षा का सहारा बने डॉ. मेवाड़ा
प्रधान संपादक रूपचंद मेवाड़ा सुमेरपुर

पोयणा निवासी परिवार को दो माह की राशन सामग्री और पांचों बेटियों को भेंट किए कपड़े, आगे भी पढ़ाई में सहयोग का दिया भरोसा
सुमेरपुर। एक तरफ किडनी की गंभीर बीमारी से जूझता पिता, दूसरी तरफ घरों में साफ-सफाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करती मां और पांच बेटियों के भविष्य की चिंता। आर्थिक तंगी के बीच संघर्ष कर रहे पोयणा निवासी एक परिवार की पीड़ा सामने आने पर समाजसेवी एवं उद्यमी डॉ. पंकज राज मेवाड़ा मदद के लिए आगे आए। उन्होंने परिवार के घर पहुंचकर दो माह की राशन सामग्री उपलब्ध करवाई और पांचों बेटियों को कपड़े भेंट किए। साथ ही उनकी पढ़ाई में आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
पोयणा निवासी रत्ताराम देवासी किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और नियमित डायलिसिस करवा रहे हैं। बीमारी के चलते परिवार पहले ही आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इसी बीच हाथ में फ्रैक्चर होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गईं। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी पत्नी के कंधों पर है। वह आसपास के घरों में साफ-सफाई का काम कर पति के उपचार और पांच बेटियों के पालन-पोषण का खर्च जुटा रही हैं। परिवार की पांचों बेटियां पढ़ाई कर रही हैं। इनमें एक बेटी 12वीं कक्षा में अध्ययनरत है। आर्थिक अभाव के बावजूद मां बेटियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं। परिवार की स्थिति की जानकारी समाजसेवी एवं पत्रकार पुखराज कुमावत के माध्यम से डॉ. मेवाड़ा तक पहुंची।
सिर्फ राशन देकर नहीं लौटे, पढ़ाई में भी सहयोग का भरोसा
परिवार की वास्तविक स्थिति जानने के लिए डॉ. मेवाड़ा स्वयं उनके घर पहुंचे। उन्होंने दो माह की राशन सामग्री और पांचों बेटियों को कपड़े भेंट किए। परिवार के साथ बैठकर उनकी परेशानियां सुनीं और भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बेटियों की पढ़ाई के लिए पाठ्यसामग्री और अन्य आवश्यकताओं में भी मदद करने का आश्वासन दिया। डॉ. मेवाड़ा ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी बेटी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। विपरीत परिस्थितियों में भी मां जिस हिम्मत से परिवार संभालते हुए बेटियों की शिक्षा जारी रखे हुए हैं, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज के सक्षम व्यक्तियों, भामाशाहों, समाजसेवियों और शैक्षणिक संस्थाओं से भी परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
दो दशक से जरूरतमंदों की मदद में सक्रिय
डॉ. पंकज राज मेवाड़ा पिछले करीब दो दशकों से सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उनका मानना है कि सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय किसी परिवार को यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि वह अकेला नहीं है। पोयणा के इस परिवार तक पहुंची मदद ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की है।
