सुमेरपुर उपखंड स्तरीय बैठक का हुआ आयोजन
प्रधान संपादक रूपचंद मेवाड़ा सुमेरपुर

सुमेरपुर उपखंड स्तरीय बैठक का आयोजन आज किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति, नागरिक सुविधाओं की स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराना, योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।
बैठक में पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम जी, पाली सरस डेयरी अध्यक्ष श्री प्रताप सिंहजी बिठिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रविकांत रावल, श्री अनोपसिंह, श्री पुनमसिंह, श्री महेन्द्र माली, एसडीएम श्री कालूराम कुम्हार, ईओ श्री नरपत सिंह राजपुरोहित, तहसीलदार, नव नियुक्त तहसीलदार श्री प्रतीक शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख बिंदु:
– उपखंड प्रशासन: पिछले तीन वर्षों की बजट घोषणाओं की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन और खाद्य सुरक्षा योजनाओं के लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। किसान सम्मान निधि योजना के भुगतान में आ रही समस्याओं पर रिपोर्ट मांगी गई।
– नगरपालिका सुमेरपुर: सफाई व्यवस्था को वार्डवार सुदृढ़ करने, सफाई कार्मिकों की सूची सार्वजनिक करने और समाचार पत्रों में प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। बरसात पूर्व नालों की सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, ट्रांसफॉर्मर प्लेटफॉर्म निर्माण, गौवंशों को गौशालाओं में शिफ्ट करने और रोड लाइट व्यवस्था सुधार पर विशेष चर्चा हुई।
पुलिस विभाग: नशीले पदार्थों के सेवन पर रोकथाम अभियान चलाने, अवैध बजरी खनन पर नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधार, अवैध स्पा सेंटरों पर कार्यवाही और रात में चोरी रोकथाम के उपायों पर विचार किया गया।
विद्युत विभाग: लोड कम वाले क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर लगाने, झूलते तारों को सुधारने, पेड़ों की छंगाई और बजट घोषणा अनुसार 33 केवी जीएसएस हेतु भूमि आवंटन पर चर्चा हुई।
– जलदाय विभाग: हैण्डपम्प व ट्यूबवैल की प्रगति रिपोर्ट, कन्टीजेंसी योजना और बजट घोषणाओं में स्वीकृत कार्यों की स्थिति पर समीक्षा की गई।
सार्वजनिक निर्माण विभाग: बजट घोषणाओं में स्वीकृत सड़कों की स्थिति और गारंटी पीरियड में आने वाली सड़कों की गुणवत्ता पर चर्चा हुई।
– चिकित्सा विभाग: उपजिला अस्पताल भवन निर्माण की प्रगति, डायलिसिस मशीन स्थापना, ट्रोमा सेंटर हेतु भूमि आवंटन, चिकित्सकों व स्टाफ की उपस्थिति और औचक निरीक्षण पर विचार किया गया।
पशुपालन विभाग: निराश्रित गौवंशों को टैगिंग कर गौशालाओं में शिफ्ट करने, पशुओं का टीकाकरण, बीमा और सेक्स सॉर्टेड सीमन योजना पर चर्चा हुई।
बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि नागरिक हित में योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। मंत्री श्री जोराराम जी ने कहा कि “नागरिकों को सुविधाएँ देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और विभागीय समन्वय से ही विकास कार्यों को गति मिलेगी।”
बैठक का माहौल सकारात्मक और समाधानमुखी रहा, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर नागरिक हित में ठोस निर्णय लिए।




